गम्हरिया स्थित स्ट्रेट बार बिल के ठेका मजदूरों का शुरू हुआ अनिश्चित्कालीन हड़ताल

Spread the love

सरायकेला/गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया स्थित टाटा स्टील प्लांट में एक बार फिर मजदूरों का आक्रोश फूट पड़ा है। प्लांट के ‘स्ट्रेट बार’ विभाग में वेंडर RK Enterprises के अधीन कार्यरत लगभग 160 मजदूरों ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। मजदूर अपने हक की कमाई और काम के स्पष्ट हिसाब-किताब की मांग को लेकर कंपनी गेट के समीप आंदोलन पर बैठ गए हैं।

भुगतान में पारदर्शिता का अभाव: मजदूरों का आरोप

हड़ताल पर बैठे मजदूरों का कहना है कि वे लंबे समय से पूरी ईमानदारी के साथ काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उनके मेहनताना का सही और पूरा भुगतान नहीं मिल रहा है। मजदूरों के अनुसार प्रबंधन द्वारा न तो पूरा पैसा दिया जा रहा है और न ही काम का कोई पारदर्शी लिखित रिकॉर्ड साझा किया जा रहा है। आरोप है कि बार-बार वेंडर बदले जाने की आड़ में पुराने बकाया भुगतान को दबा दिया जाता है। नया वेंडर आने पर पिछले बकाये का रिकॉर्ड साफ नहीं किया जाता, जिससे मजदूरों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बिना सूचना काम से हटाने पर नाराजगी

मजदूरों ने एक गंभीर आरोप यह भी लगाया कि प्रबंधन ने बिना किसी पूर्व सूचना या लिखित नोटिस के उन्हें काम से बैठा दिया है। अचानक लिए गए इस फैसले से 160 परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों का कहना है कि इस तानाशाही रवैये को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

“टकराव नहीं, अपना हक चाहिए”

आंदोलनकारी मजदूरों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी के साथ टकराव करना या काम रोकना नहीं है, बल्कि वे केवल अपने पसीने की कमाई का लिखित और पारदर्शी हिसाब चाहते हैं। उनकी प्रमुख मांगें आरके एंटरप्राइजेज द्वारा अब तक के सभी बकाये का तुरंत भुगतान,काम के घंटों और मजदूरी का स्पष्ट लिखित विवरण और काम से बैठाए गए मजदूरों को तत्काल ड्यूटी पर वापस लेना।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

मजदूरों ने दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि RK Enterprises और संबंधित प्रबंधन ने जल्द ही उनसे वार्ता कर समाधान नहीं निकाला, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा। फिलहाल इस हड़ताल के कारण प्लांट के ‘स्ट्रेट बार’ अनुभाग का कार्य प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। मौके पर तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की नजर भी स्थिति पर बनी हुई है।

More From Author

जमशेदपुर: फेसबुक पर एक ‘गलत क्लिक’ और अधिवक्ता के खाते से उड़े 60 हजार; ठगों ने खाते में छोड़े मात्र 11 रुपये

बिष्टुपुर के शिव हनुमान मंदिर में 24 घंटे का अखंड कीर्तन शुरू; समाजसेवी राजकुमार सिंह ने टेका माथा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

No comments to show.