चाईबासा। चाईबासा और चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर संकोसाइ के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय मोहम्मद दानिश की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मोहम्मद अमीर गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक मोहम्मद दानिश चाईबासा सदर थाना अंतर्गत बड़ी बाजार स्थित आसरा मस्जिद चौक का निवासी था। घायल मोहम्मद अमीर भी बड़ी बाजार का रहने वाला है।
सुबह-सुबह हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5 बजे दोनों युवक बाइक से चक्रधरपुर से चाईबासा की ओर आ रहे थे। संकोसाइ के पास विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने मोहम्मद दानिश को मृत घोषित कर दिया।
माता-पिता के इकलौते बेटे थे दानिश
मृतक दानिश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिजनों ने बताया कि उसके माता-पिता दृष्टिहीन हैं और बेटे की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गए। मोहम्मद अमीर हाल ही में केरल से चक्रधरपुर आया था। उसे लेने के लिए दानिश चक्रधरपुर गया था और दोनों साथ में चाईबासा लौट रहे थे।
घायल को रेफर किया गया जमशेदपुर
हादसे में मोहम्मद अमीर के पैर में फ्रैक्चर और कंधे में गंभीर चोट आई है। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार और उसके चालक की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है।