जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: जुगसलाई की ₹1 करोड़ की चोरी का 24 घंटे में खुलासा; गर्लफ्रेंड के साथ चोरी करने वाला शातिर रितिक गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर: लौहनगरी के जुगसलाई थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज चोरी की घटना को सुलझाते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस ने न केवल आरोपी को दबोच लिया है, बल्कि चोरी किए गए करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के हीरे, सोने और चांदी के जेवरात भी शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं।

क्या थी घटना?

1 फरवरी 2026 की रात जुगसलाई के एम.ई. स्कूल रोड स्थित सेवा सदन अस्पताल के पास एक घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया था। चोरों ने घर की अलमारी तोड़कर वहां रखे भारी मात्रा में गहने और नकदी पार कर दी थी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था।

पुलिस की रणनीति: सीसीटीवी और डॉग स्क्वॉड ने खोला राज

एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। पुलिस के खोजी कुत्तों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जुगसलाई के ही रहने वाले रितिक कुमार सिंह (23 वर्ष) को धर दबोचा।

गर्लफ्रेंड के साथ चोरी करने का रहा है इतिहास

सिटी एसपी ने रितिक के आपराधिक इतिहास के बारे में एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया आरोपी रितिक सिंह पहले अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। साकची थाना में उसके खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं। हालांकि, इस बार उसने जुगसलाई की इस बड़ी चोरी को अकेले ही अंजाम दिया था।

बरामदगी: ₹1 करोड़ के जेवरात और नकदी

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया सारा माल बरामद कर लिया है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। बरामद सामान में हीरे के सेट और कीमती पत्थर,भारी मात्रा में सोने के कंगन, चूड़ियां, चेन, अंगूठियां, मांगटीका और नथुनी,चांदी के पायल, सिक्के, नकद रुपये और वारदात के वक्त पहने गए आरोपी के कपड़े शामिल हैं।

पुलिस की सराहना

सफल उद्भेदन करने वाली टीम की सराहना करते हुए सिटी एसपी ने कहा कि पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़े गिरोह और शातिर अपराधी पर लगाम कसी गई है। आरोपी रितिक सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

More From Author

मानगो निकाय चुनाव: नामांकन के अंतिम दिन उमड़ा जनसैलाब; 36 वार्डों के लिए रणभेरी तैयार, अब शुरू होगा चुनावी दंगल

मानगो निकाय चुनाव: नामांकन के अंतिम दिन प्रत्याशियों का सैलाब; डॉ. बिनीता सहाय ने भी भरा पर्चा, जीत का किया दावा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

No comments to show.