
जमशेदपुर: झारखंड राज्य आम निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन आज जमशेदपुर के चुनावी गलियारों में भारी हलचल रही। मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के लिए पर्चा दाखिल करने का समय दोपहर 3 बजे समाप्त हो गया। अंतिम दिन होने के कारण निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय के बाहर समर्थकों का हुजूम उमड़ा रहा। एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के साथ-साथ कई निर्दलीय और प्रमुख चेहरों ने अपनी दावेदारी पेश कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
मानगो नगर निगम: संध्या, बिनीता और लक्खी के बीच रोचक मुकाबला
मानगो नगर निगम में पार्षद और अध्यक्ष पदों के लिए नामांकन के आखिरी दिन कई कद्दावर नेताओं ने अपनी ताकत दिखाई। एनडीए समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह ने आज गाजे-बाजे के साथ अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने मानगो की जनता की मूलभूत समस्याओं को दूर करने का संकल्प लिया। संध्या सिंह के अलावा डॉ. बिनीता सहाय और लक्खी सिंह ने भी अपना नामांकन पत्र जमा किया।नामांकन के बाद सभी प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि वे मानगो के विकास और जनता के हक की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।
जुगसलाई नगर परिषद: अध्यक्ष पद के लिए नारी शक्ति का शक्ति प्रदर्शन
जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए आज अंतिम दिन प्रमुख महिला उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की। यहाँ मुख्य रूप से तीन बड़े चेहरे आमने-सामने दिखे।
रिंकू सिंह (NDA समर्थित): एनडीए समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह ने भारी संख्या में समर्थकों के साथ नामांकन किया। उन्होंने जुगसलाई के सर्वांगीण विकास का भरोसा दिलाया।
डोली मल्लिक: प्रमुख प्रत्याशी डोली मल्लिक ने भी अपना पर्चा भरा और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की बात कही।
बलबीर कौर: बलबीर कौर ने भी नामांकन दाखिल कर चुनावी रण में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रमुख मुद्दे: जाम, पानी और जल निकासी
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में सभी प्रत्याशियों ने एक सुर में जुगसलाई और मानगो की ज्वलंत समस्याओं का जिक्र किया। प्रत्याशियों ने वादा किया कि वे सड़कों पर लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाएंगे।नियमित और शुद्ध जलापूर्ति सुनिश्चित करेंगे।खराब ड्रेनेज सिस्टम (जल निकासी) को दुरुस्त कर जलजमाव की समस्या खत्म करेंगे।
शांतिपूर्ण संपन्न हुई प्रक्रिया
दोपहर 3 बजे तक चले इस नामांकन कार्यक्रम के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सभी प्रत्याशियों ने अपना पर्चा दाखिल किया। अब सभी की नजरें नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) और चुनाव चिन्हों के आवंटन पर टिकी हैं।
