
मेघालय (उमरोई): भारतीय सेना के साहस, कर्तव्य के प्रति अटूट समर्पण और विशिष्ट सेवा का सम्मान करने के लिए मंगलवार, 10 फरवरी 2026 को मेघालय के उमरोई मिलिट्री स्टेशन में भव्य ‘ईस्टर्न कमांड अलंकरण समारोह ‘ का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली कार्यक्रम में देश की रक्षा में अदम्य साहस दिखाने वाले सैनिकों और उनके परिवारों को सम्मानित किया गया।
लेफ्टिनेंट जनरल रामचंद्र तिवारी ने प्रदान किए पदक
इवेंट की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल राम चंद्र तिवारी (PVSM, UYSM, AVSM, SM), जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C), ईस्टर्न कमांड ने की। उन्होंने अपने संबोधन में पुरस्कार विजेताओं की शानदार सेवा की सराहना की और सभी रैंक के अधिकारियों व जवानों से भारतीय सेना की उच्च परंपराओं और मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया।
37 गैलेंट्री और विशिष्ट सेवा पुरस्कारों से नवाजे गए वीर
समारोह के दौरान कुल 37 सैन्य पदक प्रदान किए गए, जो वीरता और उत्कृष्ट सेवा का प्रतीक हैं जिसमे 19 सेना पदक (वीरता/गैलेंट्री),07 सेना पदक (विशिष्ट सेवा),02 युद्ध सेवा पदक,01 बार टू विशिष्ट सेवा पदक,07 विशिष्ट सेवा पदक,01 उत्तम जीवन रक्षा पदक।इसके साथ ही, 49 यूनिट्स और आर्मी पब्लिक स्कूल, कोलकाता को उनके असाधारण प्रोफेशनलिज़्म और ऑपरेशनल एक्सीलेंस के लिए यूनिट कमेंडेशन सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया।
‘शौर्य संध्या’ ने बिखेरे संस्कृति के रंग
मुख्य समारोह से एक दिन पहले, 9 फरवरी 2026 को “शौर्य संध्या” नामक एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया गया और गीतों व नृत्यों के माध्यम से सैनिकों के बलिदान और हिम्मत की कहानियों को जीवंत किया गया।
भावुक कर देने वाला पल: वीरांगनाओं की उपस्थिति
फंक्शन में भारतीय रक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ पुरस्कार पाने वाले सैनिकों के परिवार और बहादुर महिलाएं (वीरांगनाएं) भी शामिल हुईं। यह दृश्य देश के प्रति सैनिकों के बलिदान और उनके परिवारों के धैर्य के प्रति गहरे सम्मान का प्रतीक था।
