
जमशेदपुर: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की कदमा शाखा द्वारा आयोजित सात दिवसीय भव्य ‘द्वादश ज्योतिर्लिंग आध्यात्मिक दर्शन मेला’ के चौथे दिन बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 8 बजे से ही भक्तजन भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंग स्वरूपों के दिव्य दर्शन करने और आध्यात्मिक शांति प्राप्त करने के लिए कतारों में नजर आए।
भजन संध्या और विशिष्ट अतिथियों का आगमन
मेले के चौथे दिन शाम को ‘शिव भक्ति मंडली’ द्वारा शिव भजन संध्या का आयोजन किया गया। सुमधुर भजनों और गीतों ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संध्या आरती के साथ हुआ, जिसमें शहर के डीएसपी मनोज ठाकुर,सरकार योगा एकेडमी के अध्यक्ष अंशुल सरकार,सवारियां भक्त मंडली के अध्यक्ष महेश खेमका, समाजसेवी संतोष अग्रवाल, डी.एन. सिंह और संजीव तिवारी कई गणमान्य लोग उपस्थित हुए।अतिथियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में डीएसपी मनोज ठाकुर ने ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक जागरूकता लाने के लिए बी.के. संजू बहन का मार्गदर्शन सराहनीय है।
राजयोग से जीवन में सकारात्मकता: बी.के. संजू दीदी
इस अवसर पर बी.के. संजू दीदी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंग केवल तीर्थ नहीं, बल्कि आत्मजागृति के प्रतीक हैं। उन्होंने भक्तों को संदेश दिया— “मन को पवित्र बनाओ और जीवन को श्रेष्ठ बनाओ।” संस्था द्वारा सिखाया जा रहा राजयोग ध्यान आज के तनावपूर्ण जीवन में आत्मशक्ति और संयम प्राप्त करने का सर्वोत्तम साधन है।
20 फरवरी तक जारी रहेगा मेला
आयोजकों ने बताया कि यह आध्यात्मिक मेला 20 फरवरी तक प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से रात्रि 9 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। शहरवासी यहां आकर न केवल 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर सकते हैं, बल्कि राजयोग ध्यान और आध्यात्मिक ज्ञान के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
