
जमशेदपुर/कोलकाता: दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के विभिन्न स्टेशनों और विभागों में अपनी कर्तव्यनिष्ठा व उत्कृष्ट सेवा से मिसाल पेश करने वाले 81 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मंगलवार को सम्मानित किया गया। जोन मुख्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान रेल जीएम एके मिश्रा ने इन रेलकर्मियों को वर्ष 2024-25 सत्र के लिए प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किए।
पुरस्कारों का विवरण
समारोह में विभिन्न श्रेणियों में रेलकर्मियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए नवाजा गया जिसमे रेल सेवा पुरस्कार 2024: 35 कर्मचारियों को प्रदान किया गया।रेल सेवा पुरस्कार 2025: 37 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।विशेष सम्मान: शेष 9 अधिकारियों व कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के लिए जीएम प्रशस्ति पत्र दिया गया।
आरपीएफ महिला जवान की कर्तव्यनिष्ठा को सलाम
इस वर्ष के सम्मान समारोह में सुरक्षा बल की भूमिका को भी सराहा गया। सम्मानित होने वाले रेलकर्मियों में आरपीएफ की महिला जवान भी शामिल हैं, जिन्होंने ड्यूटी के दौरान अदम्य साहस और सजगता का परिचय दिया।
“कर्मचारियों की बदौलत ही सुरक्षित है रेल सफर” – जीएम
समारोह को संबोधित करते हुए जीएम एके मिश्रा ने कहा कि रेलवे की सफलता का असली श्रेय जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों को जाता है। उन्होंने कहा करोड़ों यात्रियों को स्टेशन से लेकर ट्रेन के भीतर तक बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने का सपना हमारे इन कर्मठ कर्मचारियों की बदौलत ही साकार होता है। इनकी सजगता से ही हम दुर्घटना मुक्त और समयबद्ध रेलवे की ओर बढ़ रहे हैं।
चक्रधरपुर मंडल का रहा दबदबा
सम्मानित होने वालों में जमशेदपुर (टाटानगर) समेत चक्रधरपुर रेल मंडल के कई कर्मचारी शामिल थे। ऑपरेटिंग, इंजीनियरिंग, आरपीएफ और कमर्शियल विभागों के इन कर्मियों ने पिछले वित्तीय वर्ष में परिचालन और राजस्व वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
