
जमशेदपुर: लौहनगरी की पुलिस ने गोलमुरी थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर को दहलाने की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर छह खूंखार अपराधियों को हथियारों के जखीरे के साथ धर दबोचा। अपराधियों की यह गिरफ्तारी गोलमुरी मस्जिद के पास स्थित एक क्वार्टर से हुई है।
गुप्त सूचना पर तत्काल एक्शन
पुलिस प्रशासन को पुख्ता जानकारी मिली थी कि कुछ अपराधी गोलमुरी के एक क्वार्टर में जमा होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी की और अचानक छापेमारी कर दी। मौके से पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया जिसमे जिशान उर्फ जिशू (मुख्य आरोपी),नुमान,फैज,चांद और दो अन्य सहयोगी को गिरफ्तार किया गया।
हथियारों का जखीरा बरामद
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने कमरे और आरोपियों की तलाशी ली, तो वहां से तीन लोडेड पिस्तौल और भारी मात्रा में जिंदा गोलियां बरामद हुईं। दिनदहाड़े हुई इस बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद पूरे गोलमुरी इलाके में सनसनी फैल गई है।
गैंगस्टर मनीष सिंह से संबंध और जिशान का आपराधिक इतिहास
पकड़े गए अपराधियों में शामिल जिशान उर्फ जिशू पुलिस की हिट लिस्ट में था। पुलिस के अनुसार, वह जुगसलाई के कुख्यात तड़ीपार गैंगस्टर मनीष सिंह का बेहद करीबी माना जाता है। गौरतलब है कि जिशान हाल ही में हत्या के एक संगीन मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। जमानत पर बाहर आते ही वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया।
पुलिस की जांच जारी: कौन था निशाने पर?
जमशेदपुर पुलिस अब सभी छह आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुख्य सवाल निम्नलिखित हैं।ये हथियार और गोलियां शहर में कहां से लाए गए?इन अपराधियों का अगला निशाना कौन था?क्या इस साजिश के पीछे जेल में बंद या तड़ीपार अपराधियों का हाथ है?पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से शहर में होने वाली एक संभावित हत्या या बड़ी डकैती को टाल दिया गया है। जल्द ही इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
