सिंहपोखरिया में सड़क हादसा: 10 वर्षीय मासूम की मौत, ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जताया आक्रोश

Spread the love

चाईबासा:जिला के सदर प्रखंड अंतर्गत सिंहपोखरिया में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। सुबह करीब 6 बजे आयरन लेडी ट्रक (ओडी-09 डब्ल्यू 7571) ने एक मासूम को अपनी चपेट में ले लिया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया।

मॉर्निंग वॉक से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार मृतक का नाम सुखलाल सिरका (10 वर्ष) था, जो सिंहपोखरिया निवासी सेलाय सिरका का पुत्र था। मूल रूप से परिवार कुमारदुंगी प्रखंड के टांगनगर का रहने वाला बताया जाता है। रविवार की सुबह सुखलाल अपने परिवार के साथ सिंहपोखरिया स्टेशन के पास मैदान में मॉर्निंग वॉक के लिए आया हुआ था। वापस लौटने के क्रम में अचानक सामने से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इकलौते चिराग की मौत से परिवार पर टूटा दुख का पहाड़

मृतक सुखलाल अपने परिवार का इकलौता संतान था। मासूम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

ग्रामीणों का आक्रोश, सड़क जाम

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सिंहपोखरिया–जगन्नाथपुर मुख्य मार्ग को जाम कर प्रशासन और पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर बड़े वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन इसके रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

पुलिस और प्रशासन की कोशिश जारी

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि ट्रक चालक और वाहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा मृतक परिवार को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। पुलिस ने स्थिति को सामान्य बनाने और जाम हटाने के लिए कड़ी मशक्कत की।

बढ़ते हादसों से लोग चिंतित

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में सड़क हादसों की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। खासकर सुबह और शाम के समय जब लोग मॉर्निंग वॉक या शाम की सैर के लिए निकलते हैं, तो बड़े वाहनों की तेज रफ्तार जानलेवा साबित होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर लगाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

More From Author

चांडिल में 42 घंटे से एनएच-33 पर महाजाम, यात्रियों की दुश्वारी बढ़ी, दुर्गापूजा का उत्साह फीका

जमशेदपुर में पूजा पंडालों से फूल एकत्रित कर बनेगी खाद, जेएनएसी की अनोखी पहल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.