जमशेदपुर : गोलमुरी थाना अंतर्गत टिनप्लेट काली मंदिर के समीप रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। टाटा स्टील के गम्हरिया प्लांट के कर्मचारियों को ले जा रही एक अनियंत्रित बस ने सड़क पार कर रहे मां और उनके मासूम बेटे को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।
राहगीरों का फूटा गुस्सा, जमकर हुआ बवाल
जैसे ही बस ने मां-बेटे को कुचला, मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने बस को घेर लिया।चालक की लापरवाही से नाराज लोगों ने बस को रोककर जमकर विरोध प्रदर्शन और बवाल किया। सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया।
टिनप्लेट से टीएमएच रेफर, स्थिति नाजुक
हादसे के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीक के टिनप्लेट अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत को अत्यंत चिंताजनक बताया। गंभीर स्थिति को देखते हुए मां-बेटे को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया गया है ।
फुटपाथ पर रहने वाला परिवार था शिकार
स्थानीय लोगों के अनुसार, घायल मां और बेटा उसी क्षेत्र में काली मंदिर के समीप फुटपाथ पर रहते हैं। बताया जा रहा है कि वे किसी काम से सड़क पार कर रहे थे, तभी गम्हरिया प्लांट की बस ने उन्हें टक्कर मार दी।इस मामले में फिलहाल पुलिस ने आधिकारिक रूप से कुछ भी बताने से इनकार किया है, जिससे स्थानीय वासियों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पीड़ित परिवार के गरीब होने के कारण मामले को दबाने की कोशिश न की जाए।
बस जब्त, चालक पर कार्रवाई शुरू
गोलमुरी पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस को अपने कब्जे में ले लिया है।पुलिस बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुट गई है।पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा बस की तकनीकी खराबी के कारण हुआ या चालक की लापरवाही की वजह से।
