पोटका के सुदूरवर्ती गांव पहुंचे विधायक संजीव सरदार, विकास कार्यों का लिया जायजा

पोटका : संजीव सरदार मंगलवार को पोटका प्रखंड के सुदूरवर्ती नारदा पंचायत स्थित मिठाईझरना समेत कई गांवों का दौरा करने पहुंचे। विधायक पूरे प्रशासनिक अमले के साथ तीन ट्रैक्टरों पर सवार होकर करीब 14 किलोमीटर का दुर्गम सफर तय कर पहाड़ों के बीच बसे गांवों तक पहुंचे।मिठाईझरना, चुकागोड़ा, बाँसबनी और जामकुटा गांव मुख्य सड़क से लगभग 14 किलोमीटर पहाड़ के ऊपर स्थित हैं। इन गांवों में करीब 60 से 70 आदिम जनजाति सबर एवं आदिवासी परिवार रहते हैं। लगभग 1100 की आबादी वाले इन क्षेत्रों में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।

ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए निर्देश

विधायक संजीव सरदार ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ बैठक की और बिजली, सड़क, पेयजल, आवास, पेंशन समेत कई समस्याओं की जानकारी ली।दौरे में प्रखंड, अंचल, विद्युत विभाग, वन विभाग, पेयजल विभाग और टाटा स्टील के अधिकारी भी शामिल रहे।विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ब्लूप्रिंट तैयार करने और प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।

चार गांवों में विद्युतीकरण योजना का शिलान्यास

दौरे के दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत चार गांवों में विद्युतीकरण योजना का शिलान्यास भी किया।इस योजना के शुरू होने के बाद गांवों में पहली बार नियमित बिजली पहुंचने का रास्ता साफ हो गया है। फिलहाल कुछ घरों में टाटा स्टील द्वारा लगाए गए सोलर पैनलों के जरिए रोशनी और पंखे की सुविधा मिल रही है।जादूगोड़ा विद्युत विभाग के एसडीओ मो. सैफुद्दीन ने बताया कि जल्द ही गांवों में बिजली आपूर्ति का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

“सुदूर गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना लक्ष्य”

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका और डुमरिया प्रखंड की सीमा पर बसे इन पहाड़ी गांवों में पहले माओवादियों का प्रभाव रहा, जिसके कारण वर्षों तक विकास कार्य प्रभावित रहे।उन्होंने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी गांवों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय है।विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और आने वाले समय में बिजली, आवास, पेयजल, पेंशन समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर इन गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

इस दौरे में विद्युत विभाग के एसडीओ मो. सैफुद्दीन, अंचल कार्यालय के सीआई हेमंत कुमार, राजस्व कर्मचारी प्रमोद कुमार, टाटा स्टील फाउंडेशन के शिवशंकर कंडेयांग और रितेश टुडू, पंचायत सचिव ललन ठाकुर, वन विभाग के स्वराज बांसुरी, कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव और पेयजल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

More From Author

बोकारो में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते एएसआई मो. याकूब अंसारी गिरफ्तार

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, केंद्र सरकार पर साधा निशाना