जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है।भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि शहर में बढ़ते अपराध के कारण आम लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।उन्होंने कहा कि गोलमुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात दो अलग-अलग स्थानों पर हुई गोलीबारी की घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो चुका है।
“छिनतई, चोरी और गोलीबारी की घटनाएं लगातार बढ़ रहीं”
दिनेश कुमार ने आरोप लगाया कि शहर में प्रतिदिन छिनतई, चोरी, लूट, रंगदारी और गोलीबारी जैसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन राज्य सरकार और प्रशासन अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि अब आम नागरिक अपने घरों से निकलने में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
“गोलमुरी में पेट्रोलिंग नाम की चीज नहीं”
भाजपा नेता ने कहा कि गोलमुरी क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग लगभग खत्म हो चुकी है।उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का ध्यान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के बजाय “उगाही और दोहन” पर ज्यादा केंद्रित हो गया है।
सरकार से की कड़ी कार्रवाई की मांग
दिनेश कुमार ने राज्य सरकार से मांग की कि शहर में बढ़ते अपराध पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि पुलिस गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की सख्त जरूरत है।
आंदोलन की दी चेतावनी
भाजपा नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है तो भाजपा जनहित में सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को मजबूर होगी।
