जमशेदपुर: सावन माह की पहली सोमवारी के पावन अवसर पर सिदगोड़ा 28 नंबर रोड स्थित श्री श्री अखिल चंद्र पंचमुखी हनुमान शिव एवं दुर्गा मंदिर में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और भक्ति से सराबोर इस आयोजन में 501 महिलाओं ने गेरुआ वस्त्र धारण कर उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सूर्य मंदिर से पवित्र जल लेकर पहुंचीं श्रद्धालु महिलाएं
मंदिर कमेटी के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह के नेतृत्व में कलश यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर सूर्य मंदिर पहुंची। वहां स्थित कुएं में समाहित सात प्रमुख पवित्र जल स्रोतों से जल भरकर श्रद्धालु महिलाएं पुनः मंदिर पहुंचीं।इसके बाद पंचमुखी शिवलिंग पर विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की गई। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा।
पंचमुखी शिव स्थापना की प्रथम वर्षगांठ पर विशेष आयोजन
मंदिर के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने बताया कि यह आयोजन पंचमुखी शिव की स्थापना की प्रथम वर्षगांठ और सावन की पहली सोमवारी के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।उन्होंने कहा कि 501 महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ कलश यात्रा में भाग लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और परिवार, समाज तथा देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
धार्मिक उत्साह का दिखा अनूठा संगम
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन में भाग लेकर सावन की पहली सोमवारी को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया।
