टेल्को के जेम्को में दुस्साहस: अपराधियों ने मिश्रा बगान में की तीन राउंड फायरिंग; जमीन विवाद की आशंका, मौके से खोखा बरामद

जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत जेम्को, मिश्रा बगान इलाके में शुक्रवार की रात करीब 8 बजे बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से तीन राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

रात के अंधेरे में ‘हिट एंड रन’ वारदात

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अपराधी अचानक मिश्रा बगान पहुंचे।अपराधियों ने बिना किसी हिचकिचाहट के तीन राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे आसपास के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाते हुए तेजी से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई: तीन खोखे बरामद

घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से तीन खोखा बरामद किए हैं। पुलिस अपराधियों के हुलिए और भागने की दिशा का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

जमीन विवाद की ओर इशारा

पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस फायरिंग के पीछे जमीन विवाद का मामला सामने आ रहा है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मिश्रा बगान इलाके में एक कीमती जमीन के टुकड़े को लेकर दो गुटों के बीच पिछले काफी समय से तनातनी चल रही थी। आशंका है कि दूसरे पक्ष को डराने के लिए यह फायरिंग करवाई गई है।

झामुमो कार्यालय के समीप वारदात से बढ़ी चिंता

मिश्रा बगान के जिस स्थान पर यह घटना हुई, उसके बिल्कुल समीप ही झारखंड मुक्ति मोर्चा का कार्यालय भी स्थित है। सत्ताधारी दल के कार्यालय के पास सरेआम गोलीबारी होने से स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि अगर भीड़भाड़ वाले समय में गोली किसी राहगीर को लग जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

More From Author

जमशेदपुर में 15 मई से शुरू होगा नि:शुल्क समर कैंप,डीएफओ शबा आलम अंसारी ने किया समर कैंप पोस्टर का विमोचन