चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत जायदा मंदिर के समीप स्वर्णरेखा नदी में डूबे युवक का शव लगभग 24 घंटे बाद मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। मृतक की पहचान प्रेम कुमार (23 वर्ष), पिता विक्रम कुमार, निवासी आदर्श कॉलोनी, सोनारी, जमशेदपुर के रूप में हुई है।
नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया था युवक
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 6 बजे प्रेम कुमार स्वर्णरेखा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से खोजबीन शुरू की गई, लेकिन देर रात तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।
एनडीआरएफ के सर्च अभियान में मिला शव
मंगलवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने नदी में व्यापक सर्च अभियान चलाया। कई घंटों की खोजबीन के बाद टीम ने युवक का शव नदी से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने के बाद सबिता महतो, झामुमो नेता चारू चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायक, काबलू महतो सहित कई जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचे। सभी ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार की निगरानी
चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा सोमवार से ही घटनास्थल पर कैंप कर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे थे। सर्च अभियान के दौरान चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और बचाव कार्य का जायजा लेते रहे।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने मृतक के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की है।
