बोकारो: सेक्टर 12ए स्थित काली मंदिर के पास बोकारो स्टील की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने गई सुरक्षा विभाग की टीम पर उपद्रवियों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना रविवार की है, जब झोपड़ीनुमा घर बनाकर किए जा रहे अवैध निर्माण को रोकने के लिए विभाग की टीम मौके पर पहुँची थी।
अचानक हुआ पथराव, जान बचाकर भागे कर्मी
जानकारी के अनुसार, बोकारो स्टील के सिक्योरिटी विभाग के अधिकारी और होमगार्ड के जवान तीन गाड़ियों में सवार होकर सेक्टर 12ए पहुँचे थे। जैसे ही टीम ने अतिक्रमण रोकने की कोशिश की, वहां मौजूद लोग उग्र हो गए और सुरक्षाकर्मियों पर पत्थरों से हमला कर दिया। पत्थरबाजी इतनी तेज थी कि अधिकारियों और जवानों को मौके से अपनी जान बचाकर भागना पड़ा।## दो जवान गंभीर रूप से घायलइस हिंसक झड़प में सुरक्षा विभाग के दो होमगार्ड जवान लहूलुहान हो गए। घायल जवानों के नाम अकरम अंसारी और बबलू कुमार बताए जा रहे हैं।दोनों जवानों को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।
एयरपोर्ट बाउंड्री से हटाए गए लोग फिर कर रहे थे कब्जा
बताया जा रहा है कि बोकारो जिला प्रशासन ने हाल ही में बोकारो एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल से सटे इलाकों से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। वहां से हटाए गए लोग अब सेक्टर 12ए की खाली जमीन पर अवैध रूप से झोपड़ियाँ डाल रहे थे। जब बीएसएल का टीए विभाग और सिक्योरिटी टीम इन्हें रोकने पहुँची, तो उन पर हमला कर दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई: दोषियों पर कसा जाएगा शिकंजा
घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। डीएसपी सिटी आलोक रंजन ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि बोकारो स्टील के टीए विभाग की ओर से सेक्टर 12 थाना में लिखित शिकायत (आवेदन) दे दी गई है। डीएसपी ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और जवानों पर हमला करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
