जमशेदपुर के केबल कंपनी कर्मचारियों ने अपने बकाया भुगतान की मांग को लेकर वेदांता ग्रुप के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी उनकी जमा राशि का पूरा भुगतान नहीं कर रही है।
केबल टाउन में हुई रणनीतिक बैठक
इस मुद्दे पर केबल टाउन स्थित सामुदायिक भवन मैदान में कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर आगे की आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की।
कर्मचारियों ने लगाया यह आरोप
कर्मचारियों का कहना है कि वर्ष 2025 में वेदांता ग्रुप ने कंपनी का अधिग्रहण किया था, लेकिन कर्मचारियों के बकाया भुगतान का मामला अब भी लंबित है। उनका दावा है कि वे अपनी जमा राशि पर ब्याज सहित भुगतान की मांग कर रहे हैं, जिसे कंपनी पूरा नहीं कर रही है।
मामला एनसीएलटी तक पहुंचा
कर्मचारियों ने बताया कि बकाया भुगतान के मामले को लेकर राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण, नई दिल्ली में भी कानूनी चुनौती दी गई है। उनका कहना है कि वे कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
5 अगस्त तक का अल्टीमेटम
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि 5 अगस्त तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती है तो कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। आंदोलन की रूपरेखा जल्द घोषित की जाएगी।
कंपनी को फिर से चालू करने की भी मांग
कर्मचारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल बकाया राशि प्राप्त करना नहीं है, बल्कि केबल कंपनी को दोबारा सुचारु रूप से संचालित कराना भी है, ताकि क्षेत्र के विकास के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
