जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के पास रविवार को दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की कोशिश से इलाके में सनसनी फैल गई। ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रही रेलवे की महिला कर्मी एम. भवानी को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया।
विरोध करने पर महिला से मारपीट
बताया गया कि जब महिला ने बदमाशों का विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि बदमाशों ने महिला को सड़क पर घसीटा, उनके कपड़े फाड़ दिए और चापड़ दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी।
स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को दबोचा
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा किया। स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की हुई पहचान
पकड़े गए आरोपी की पहचान गोलमुरी निवासी शिव कुमार मछुआ के रूप में हुई है। आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे बागबेड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
बताया गया कि पीड़िता एम. भवानी विश्व हिंदू परिषद से भी जुड़ी हुई हैं। घटना की सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ता बागबेड़ा थाना पहुंचे और घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
बागबेड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
