सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली। यह घटना टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित भाटिया बस्ती सर्विस रोड पर नायक होटल के समीप हुई। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई चेन स्नैचिंग
जानकारी के अनुसार पीड़िता बबिता सिंह, पति दिलीप सिंह, सुबह टहलने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और गले से सोने की चेन झपटकर तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत आदित्यपुर थाना पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुराग
पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी हेलमेट पहने दिखाई दे रहे हैं। बाइक चला रहा युवक हाफ पैंट में नजर आया है। जांच में यह भी सामने आया कि बाइक के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट लगी हुई थी।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
आदित्यपुर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। बाइक और उसमें सवार दोनों युवकों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से लोगों में चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरआईटी मोड़ और आसपास का क्षेत्र लगातार आपराधिक घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। लोगों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी रखने की मांग की है।स्थानीय पार्षद मनोरमा देवी ने भी पुलिस प्रशासन से पेट्रोलिंग बढ़ाने, हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर नजर रखने तथा चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
