चास: पुलिस ने कोलकाता से बरामद हुई नाबालिग लड़की, आरोपी आर्यन अली भी गिरफ्तार

चास : बोकारो के चास थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले का पुलिस ने पटाक्षेप कर दिया है। तकनीकी टीम की मदद से पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में छापेमारी कर लड़की को बरामद किया और आरोपी युवक को दबोच लिया।

28 अप्रैल को दर्ज हुई थी प्राथमिकी

मामले की शुरुआत 28 अप्रैल 2026 को हुई थी, जब चास के सुल्तान नगर (कर्बला रोड) निवासी मो. जाफर ने अपनी बेटी के लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पिता ने बताया था कि उनकी नाबालिग पुत्री को दिन के करीब 11 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर भगा लिया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो एसपी के निर्देश पर चास एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

कोलकाता के बेनियापुकुर में छापेमारी

एसडीपीओ प्रवीण सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। 1 मई को पुलिस टीम ने कोलकाता के बेनियापुकुर थाना क्षेत्र में दबिश दी।नाबालिग लड़की को आरोपी आरियन अली जमान के घर से सकुशल बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के मोबाइल की होगी फॉरेंसिक जांच

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ने नाबालिग को कोलकाता के इन्टाली थाना क्षेत्र स्थित छातु बाबू लेन के एक मकान में रखा था। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। एसडीपीओ प्रवीण सिंह ने बताया कि आरोपी के मोबाइल का फॉरेंसिक एनालिसिस कराया जाएगा ताकि यह पता चल सके कि वह और किन लोगों के संपर्क में था और क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल है।

पुलिस टीम की सराहना

समय रहते की गई इस कार्रवाई से नाबालिग के परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। स्थानीय लोगों ने भी बोकारो पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

More From Author

जमशेदपुर: संगठन की मजबूती ही झामुमो की असली ताकत, जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने दिया ‘बूथ जीतो’ का मंत्र

बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान सेवा पर सियासत तेज, विधायक स्वेता सिंह ने सेल को ठहराया जिम्मेदार