धनबाद: मुनीडीह कोल वाशरी में बड़ा हादसा; कोयला पाउडर के मलबे में दबने से 4 मजदूरों की मौत, गेट पर शव रखकर प्रदर्शन

धनबाद : धनबाद जिले के मुनीडीह ओपी क्षेत्र स्थित बीसीसीएल मुनीडीह कोल वाशरी प्रोजेक्ट में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रक में कोयला पाउडर (सैलरी) लोडिंग के दौरान अचानक मलबे के ढहने से चार मजदूर उसकी चपेट में आ गए। मलबे में दबने के कारण चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

अचानक ढह गया ‘सैलरी’ का पहाड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब वाशरी में ट्रक पर कोयला पाउडर यानी सैलरी लोड की जा रही थी। लोडिंग के दौरान ऊपर जमा सैलरी का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया। शोर मचते ही पास में मौजूद अन्य मजदूरों और ग्रामीणों ने फावड़े और हाथों से मलबा हटाकर उन्हें निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले चारों मजदूर स्थानीय बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान माणिक बाउरी,दिनेश बाउरी,दीपक बाउरी और हेमलाल गोप के रूप में हुई है।

वाशरी गेट पर शव रखकर प्रदर्शन

हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चारों शवों को मुनीडीह कोल वाशरी के मुख्य द्वार पर रख दिया है और बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदर्शनकारी मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वाशरी में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और मजदूरों से जोखिम भरे हालात में काम कराया जा रहा था।

पुलिस और सीआईएसएफ तैनात

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ सीआईएसएफ की टीम तैनात कर दी गई है। प्रशासन और बीसीसीएल के अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने और वार्ता के जरिए मामला सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल वाशरी में कामकाज पूरी तरह ठप है।

More From Author

जमशेदपुर: 14वें राष्ट्रीय संताली फिल्म रास्का अवार्ड का भव्य आगाज, पंडित रघुनाथ मुर्मू को दी गई श्रद्धांजलि

जमशेदपुर में तेज आंधी-बारिश का कहर, पेड़ उखड़े, कई जगह यातायात ठप