जमशेदपुर के टेल्को में डीजे विवाद ने लिया हिंसक रूप, चापड़बाजी में तीन लोग घायल

जमशेदपुर: शहर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत जेमको मछुआ बस्ती में डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। शनिवार देर रात हुई चापड़बाजी की घटना में तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज टीएमएच में चल रहा है।

डीजे बंद कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात बस्ती में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डीजे बंद करा दिया। आरोप है कि मनोज नाग के परिवार ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।

धारदार हथियार से किया हमला

बताया जा रहा है कि देर रात बबलू मछुआ, व्यंकटेश नायडू, रिंघु मछुआ और कृष्णा मछुआ ने मिलकर मनोज नाग पर चापड़, चाकू और अन्य धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में मनोज नाग गंभीर रूप से घायल हो गया।

बीच-बचाव करने वालों पर भी हमला

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची सुनीता देवी और छोटू नाग पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया। इस हमले में छोटू नाग गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि सुनीता देवी को भी चोटें आई हैं।

टीएमएच में चल रहा घायलों का इलाज

घटना के बाद सभी घायलों को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें टीएमएच रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

आरोपी फरार, पुलिस कर रही छापेमारी

घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

शहर में बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाओं से चिंता

जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। पुलिस के प्रयासों के बावजूद इस तरह की हिंसक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

More From Author

बहरागोड़ा में सुवर्णरेखा नदी किनारे मिला संदिग्ध बम, सेना की टीम जांच में जुटी