सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस प्रशासन के एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई है। 2013 बैच की आईपीएस अधिकारी निधि द्विवेदी ने जिले की नई पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। निवर्तमान एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने उन्हें विधिवत प्रभार सौंपा।
तबादले के बाद संभाली जिम्मेदारी
हालिया प्रशासनिक तबादले में मुकेश लुणायत को रामगढ़ का नया एसपी बनाया गया है। रामगढ़ में पदभार ग्रहण करने की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वे देर रात सरायकेला पहुंचे। वहीं पाकुड़ में औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निधि द्विवेदी भी देर रात सरायकेला पहुंचीं, जिसके कारण वे पहले दिन पदभार ग्रहण नहीं कर पाई थीं।रविवार को उन्होंने विधिवत रूप से सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस अधीक्षक के रूप में कमान संभाल ली।
निवर्तमान एसपी ने जताया आभार
इस अवसर पर मुकेश लुणायत ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए जिले की पुलिस टीम और आम जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरायकेला-खरसावां में काम करते हुए उन्हें पुलिस बल और जनता का पूरा सहयोग मिला।
नई एसपी की प्राथमिकता ‘फ्रेंडली पुलिसिंग’
नई एसपी निधि द्विवेदी ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि उनकी प्राथमिकता जिले में फ्रेंडली पुलिसिंग को बढ़ावा देना है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अपराध नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें।उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
