जमशेदपुर के चर्चित डबल डाउन बार हत्याकांड में करणी सेना युवा मोर्चा के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की मौत के बाद बुधवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास आदित्यपुर स्थित उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया।
प्रशासनिक कार्रवाई का किया स्वागत, कानून-व्यवस्था पर जताई चिंता
मीडिया से बातचीत में रघुवर दास ने अब तक हुई प्रशासनिक कार्रवाई और मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए फैसलों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू होना सकारात्मक कदम है, लेकिन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए अपराध नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति अपनाने की मांग की।
परिजनों की मांग- आश्रित को स्थायी सरकारी नौकरी मिले
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि हिमांशु सिंह के परिजन मृतक के आश्रित को स्थायी सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनकी प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत हुई है। उनके अनुसार, यदि स्थायी सरकारी नौकरी दी जानी है तो सरकार को कैबिनेट के माध्यम से आवश्यक निर्णय लेना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस मांग पर संवेदनशीलता से विचार करेगी।
अनुबंध आधारित नौकरी का प्रस्ताव ठुकराया
इस बीच प्रशासन की ओर से अधिकारियों की एक टीम अनुबंध आधारित नौकरी का प्रस्ताव लेकर परिजनों के पास पहुंची, लेकिन परिवार और समर्थकों ने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि उन्हें केवल स्थायी सरकारी नौकरी, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और अन्य मांगों पर स्पष्ट एवं लिखित आश्वासन चाहिए।
मांगें पूरी होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने पर अड़ा परिवार
फिलहाल पूरे मामले में गतिरोध बना हुआ है। प्रशासन लगातार परिजनों और समर्थकों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है। वहीं, सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधि भी मध्यस्थता कर रहे हैं। दूसरी ओर, परिजनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक स्थायी सरकारी नौकरी से संबंधित लिखित आदेश नहीं मिलता, तब तक वे हिमांशु सिंह का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
