देश के आजादी के बाद पहली बार डुमरिया को मिला अपना 30 बेड का अस्पताल, मंत्री इरफान अंसारी ने किया उद्घाटन

डुमरिया। पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बालमुचू समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

आजादी के बाद पहली बार डुमरिया को मिला अपना अस्पताल : संजीव सरदार

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार डुमरिया को अपना 30 बेड का अस्पताल मिला है। उन्होंने कहा कि झारखंड गठन के 26 वर्ष बाद डुमरिया में इतनी बड़ी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हुई है।उन्होंने कहा कि इससे पहले डुमरिया के लोगों को पुराने भवन में ही इलाज की सुविधा मिलती थी। अस्पताल का निर्माण क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

गरीब और असहाय लोगों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब और असहाय लोगों की जरूरतों को पूरा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता की सराहना की।विधायक ने कहा कि डुमरिया अस्पताल में आने वाले दिनों में मैनपावर और आवश्यक उपकरणों की कमी नहीं हो, इसके लिए उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष मांग रखी है।
उन्होंने बताया कि डुमरिया में अस्पताल के बाद अब पंचायत स्तर पर भी स्वास्थ्य भवनों के निर्माण की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

स्वास्थ्य के साथ सड़क और शिक्षा पर भी जोर

संजीव सरदार ने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य के साथ-साथ सड़क, शिक्षा, भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी काम जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विकसित पोटका के संकल्प के साथ क्षेत्र के हर हिस्से तक योजनाबद्ध तरीके से विकास पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

जल्द मिलेगा रिम्स-2, पोटका को स्वास्थ्य क्षेत्र में और सौगात : इरफान अंसारी

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य को रिम्स-2 की सौगात मिलने जा रही है।उन्होंने पोटका विधायक संजीव सरदार की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य के क्षेत्र में आने वाले समय में कई और सुविधाएं मिलने वाली हैं।

30 बेड के साथ कई तरह की जांच की सुविधा

नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 30 बेड की सुविधा के साथ विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, गैर-संचारी रोग से संबंधित सेवाएं और किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र उपलब्ध होगा।अस्पताल को 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के माध्यम से टीबी, मलेरिया, पीलिया (जॉन्डिस) समेत अन्य जरूरी जांच की सुविधा भी ग्रामीणों को मिलेगी।

अस्पताल परिसर में पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

उद्घाटन समारोह के दौरान अस्पताल परिसर में अतिथियों और अधिकारियों ने पौधारोपण भी किया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, विधायक संजीव सरदार समेत उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।अतिथियों ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ स्वच्छ और हरित वातावरण भी स्वस्थ समाज के लिए जरूरी है।

More From Author

जमशेदपुर जिला पुलिस को मिले 40 नए पेट्रोलिंग वाहन, एसएसपी ने दिखाई हरी झंडी

गुवा शहीद दिवस को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारियां तेज