जमशेदपुर:जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में मंगलवार को प्राचार्य डॉ. अमर सिंह के सम्मान में एक गरिमामय धन्यवाद सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इंटर के शिक्षकों के सम्मान में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
स्मृति-चिह्न देकर किया गया सम्मान
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्राचार्य डॉ. अमर सिंह, वर्तमान प्राचार्य डॉ. कृष्णा प्यारे तथा इंटर इंचार्ज डॉ. स्वाति सोरेन द्वारा इंटर के शिक्षकों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर की गई। साथ ही सभी शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
पाँच वर्षों के अनुभव साझा किए
अपने संबोधन में डॉ. अमर सिंह ने कॉलेज में अपने पाँच वर्षों के कार्यकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में प्राचार्य पद की जिम्मेदारी संभाली और संस्थान को वर्तमान मुकाम तक पहुँचाने के दौरान कई चुनौतियों का सामना किया। उन्होंने कॉलेज के शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
डॉ. कृष्णा प्यारे ने सराहा योगदान
वर्तमान प्राचार्य डॉ. कृष्णा प्यारे ने डॉ. अमर सिंह को बड़े भाई के समान बताते हुए कॉलेज के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की और उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिक्षकों ने साझा किए अनुभव
इस अवसर पर वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार रवानी ने कहा कि डॉ. अमर सिंह ने संस्थान में सभी को आगे बढ़ने का अवसर दिया और कार्य की बारीकियों से अवगत कराया।उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. स्वाति सोरेन ने कॉलेज में लाइब्रेरी, थिएटर, सांस्कृतिक गतिविधियों और एलुमनी जैसे कार्यों में उनके विशेष योगदान को याद किया।हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन राकेश ने उनके सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
भावुक माहौल में दी गई विदाई
कार्यक्रम में सीनेट सदस्य डॉ. अमर कुमार, डॉ. अनुपम, डॉ. रुचिका, डॉ. प्रियंका सिंह, दुर्गा तामसोय और चंदन कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और उनके नेतृत्व की सराहना की।कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भावुक माहौल में उपहार भेंट कर डॉ. अमर सिंह को अश्रुपूर्ण विदाई दी।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंतरा कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अमर कुमार ने दिया। इस अवसर पर डॉ. मंगला श्रीवास्तव, डॉ. विष्णु शंकर सिन्हा, डॉ. अनिल कुमार झा, विश्वनाथ, संजय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
