सरायकेला: करणी सेना युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत आदित्यपुर बंद का शुक्रवार को सीमित असर देखने को मिला। सुबह भाजपा नेता और कार्यकर्ता बंद कराने के लिए सड़कों पर उतरे, लेकिन पुलिस-प्रशासन की सख्ती के कारण आंदोलन अधिक देर तक नहीं चल सका।पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए मेयर संजय सरदार समेत करीब 40 बंद समर्थकों को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद शहर में जनजीवन सामान्य हो गया।
अधिकांश बाजार खुले, आवश्यक सेवाएं रहीं सामान्य
बंद के दौरान कुछ व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जबकि अधिकांश बाजारों में दुकानें खुली रहीं। सार्वजनिक परिवहन, सरकारी कार्यालय, बैंक और अन्य आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। बंद के दौरान कहीं से भी हिंसा, तोड़फोड़ या किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने संभाली कमान
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी स्वयं आदित्यपुर में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। उन्होंने विभिन्न संवेदनशील इलाकों में तैनात पुलिस अधिकारियों से लगातार स्थिति की जानकारी ली।संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी, जबकि शहर में लगातार गश्ती भी जारी रही।
कानून हाथ में लेने की नहीं होगी अनुमति: एसपी
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और किसी भी प्रकार की हिंसात्मक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही बताया कि हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच गंभीरता से जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मेयर संजय सरदार ने बंद को बताया सफल
वहीं, हिरासत में लिए गए मेयर संजय सरदार ने बंद को सफल बताते हुए सभी समर्थकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि यह आंदोलन शहर में बेहतर कानून-व्यवस्था और हिमांशु सिंह को न्याय दिलाने की मांग को लेकर किया गया।
