जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित डिमना रोड पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता की मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 7 बजे माउंट व्यू स्कूल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।
50 फीट तक घसीटा, मौके पर मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक ने व्यक्ति को करीब 50 फीट तक घसीट दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घटनास्थल पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने पकड़ा, फिर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। हालांकि, मौके पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वह वहां से फरार हो गया।
एमजीएम अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान: दिल्ली से लौटे थे शशि भूषण
मृतक की पहचान डिमना रोड स्थित सुभाष कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय शशि भूषण के रूप में हुई है, जो सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता थे।परिजनों के अनुसार, वह गुरुवार सुबह ही दिल्ली से जमशेदपुर लौटे थे और घर से कुछ ही देर में वापस आने की बात कहकर निकले थे, लेकिन इसी दौरान यह हादसा हो गया।
पुलिस ने कार जब्त की, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
