जमशेदपुर: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक गुरुवार को साकची स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई।बैठक में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के घर ईडी की कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई।
“केंद्र सरकार के इशारे पर हुई कार्रवाई”
पार्टी के सिंहभूम जिलाध्यक्ष अंबुज ठाकुर ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई बदले की भावना से केंद्र सरकार के निर्देश पर की गई है।बैठक में मौजूद नेताओं ने कहा कि बीजेपी सरकार के सत्ता में आने के बाद से केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग लगातार बढ़ा है।
केंद्रीय संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप
भाकपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय जांच ब्यूरो, इनकम टैक्स विभाग और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल विरोधी दलों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं और दलों पर दबाव बनाने के लिए एजेंसियों का उपयोग किया जा रहा है।
“विपक्ष को डराने की कोशिश”
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने पिनराई विजयन के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक विरोधियों को डराने और दबाव बनाने की कोशिश बताया।उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की कार्रवाई चिंता का विषय है।
विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील
भाकपा नेताओं ने सभी विपक्षी दलों से भाजपा नीत केंद्र सरकार की कथित सुनियोजित कार्रवाई के खिलाफ एकजुट होकर विरोध करने की अपील की।
