डुमरिया के सुदूरवर्ती गांवों में पहली बार पहुंचेगी बिजली, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास

पोटका: जमशेदपुर के पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया प्रखंड के सुदूरवर्ती गांवों में पहली बार बिजली पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। खैरबनी गांव के बानागोड़ा और पलाशबनी पंचायत के बाकड़ाकोचा गांव के राहड़गोड़ा टोला में विद्युतीकरण कार्य का शिलान्यास विधायक संजीव सरदार ने पूजा-अर्चना कर किया।यह कार्य झारखण्ड सरकार की ‘मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना’ और ‘एमयूजेआई’ योजना के तहत कराया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत गांवों में बिजली के खंभे, तार और ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे।

80 वर्षों बाद गांवों में पहुंचेगी बिजली

बताया जा रहा है कि आजादी के करीब 80 साल बाद इन गांवों में पहली बार बिजली सुविधा उपलब्ध होगी। इससे ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक संजीव सरदार का पारंपरिक रीति-रिवाज और गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया।ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से वे सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे, लेकिन अब गांव में विकास की नई किरण दिखाई देने लगी है।

बच्चों की पढ़ाई और जीवन स्तर में होगा सुधार

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की सोच के साथ काम कर रही है।ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आने से बच्चों की पढ़ाई अब प्रभावित नहीं होगी और गांव के लोगों को भी काफी राहत मिलेगी। साथ ही छोटे व्यवसाय और अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

विधायक ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।उन्होंने कहा कि गांवों तक सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए काम कर रही है।

“अंतिम गांव तक विकास पहुंचाना सरकार का लक्ष्य”

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी कई गांव बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे, लेकिन अब अबुआ सरकार सुदूरवर्ती इलाकों तक विकास पहुंचाने का कार्य कर रही है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द कार्य पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीणों को शीघ्र बिजली सुविधा का लाभ मिलना चाहिए ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके।

More From Author

जमशेदपुर: बकरीद को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, सिदगोड़ा टाउन हॉल में शांति समिति की बैठक आयोजित

जमशेदपुर: डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन की एलुमनाई एसोसिएशन ‘सेतु’ की अनूठी पहल, भावी शिक्षकों ने सीखे ‘प्रभावी संचार कौशल’ के गुर