जमशेदपुर: साकची स्थित मेडिसिस्ट ईएनटी एंड जनरल हॉस्पिटल में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. बीमरजीत प्रधान पर कुछ युवकों ने कथित रूप से हमला कर दिया। घटना में डॉक्टर को चोटें आईं और अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा।
मरीज के परिजनों पर हमला करने का आरोप
डॉ. प्रधान के अनुसार, एक मरीज के परिजन जबरन उनके चैंबर में घुस आए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की।वहीं मरीज राजहंस कुमार के परिजनों का आरोप है कि टॉन्सिल ऑपरेशन के बाद लगातार ब्लीडिंग की समस्या हुई, जिसके कारण मरीज को टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा।
इलाज को लेकर विवाद
डॉक्टर का कहना है कि ऑपरेशन के बाद मरीज को छुट्टी दे दी गई थी। 29 अप्रैल को दोबारा इलाज कर ब्लीडिंग नियंत्रित की गई, जबकि 3 मई को हालत बिगड़ने पर उसे टीएमएच रेफर किया गया। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस पहुंची, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने घटना की कड़ी निंदा की है। संगठन के पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर कहा कि डॉक्टरों पर हमले की घटनाएं बढ़ रही हैं।इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और अस्पतालों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, साथ ही चेतावनी दी है कि सुरक्षा नहीं बढ़ी तो आंदोलन किया जाएगा।
