जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनपीटा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई।मृतक की पहचान मनपीटा निवासी बहादूर मुंडा के पुत्र वीर मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
तालाब के गहरे हिस्से में चला गया बच्चा
जानकारी के अनुसार वीर मुंडा अन्य बच्चों के साथ मनपीटा स्थित साई मंदिर के पीछे बने तालाब में नहाने गया था।नहाने के दौरान वह अचानक तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गया और डूबने लगा। बच्चे को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को तालाब से बाहर निकालकर इलाज के लिए टेल्को अस्पताल ले जाया गया।हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार पानी में डूबने से दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है।
परिवार में मचा कोहराम
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।वहीं, पूरे मनपीटा इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने तालाबों और जलाशयों के आसपास बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
