कपाली: जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। वाहन जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा एसयूवी से चार मवेशी बरामद किए गए। पुलिस की सक्रियता देख तस्कर वाहन छोड़कर भागने में सफल रहा।
कमारगोड़ा चौक पर फिल्मी अंदाज में पीछा
शुक्रवार सुबह कपाली पुलिस कमारगोड़ा चौक पर ‘एंटी क्राइम चेकिंग’ अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी 7XO (JH05BT-0573) आती दिखी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल वाहन का पीछा किया। पकड़े जाने के डर से चालक डेमडुब्बी इलाके में कार सड़क किनारे छोड़कर झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
कार के भीतर ठूंस-ठूंस कर भरे थे मवेशी
जब पुलिस ने लावारिस हालत में खड़ी कार की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देख अधिकारी दंग रह गए। लग्जरी कार की सीटों को हटाकर उसके भीतर चार गायों को बेहद क्रूर तरीके से ठूंसकर रखा गया था। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें स्थानीय गौशाला भेज दिया है।
वाहन मालिक की तलाश तेज
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर कार मालिक का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन मवेशियों को तस्करी के लिए कहाँ ले जाया जा रहा था। कपाली के अलावा पूर्व में बागबेड़ा, सोनारी और मरीन ड्राइव क्षेत्रों में भी इसी तरह के मामले सामने आ चुके हैं।
