जमशेदपुर में ट्रक चालक पर जानलेवा हमला, लूटपाट का प्रयास विफल; हथियारबंद बदमाश फरार

जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित टीआरएफ कंपनी के समीप मंगलवार देर रात एक ट्रक चालक पर हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर लूटपाट का प्रयास किया। चालक के विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि चालक ने साहस का परिचय देते हुए किसी तरह अपनी जान बचा ली और बदमाश अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।

मोबाइल और नकदी लूटने की कोशिश

घायल चालक की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरग्राम निवासी जय प्रकाश रजक के रूप में हुई है। वह मुन्ना झा ट्रांसपोर्ट का ट्रक (ओडी 09 ए 3243) चला रहा था। घटना रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। उसी दौरान एक वाहन से तीन अज्ञात युवक मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनके हाथों में चापड़ और पिस्टल जैसे हथियार थे।बदमाशों ने चालक से मोबाइल फोन और नकदी देने की मांग की। विरोध करने पर उन्होंने धारदार हथियार से लगातार हमला कर दिया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल चालक को पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

हमले के बावजूद जय प्रकाश रजक किसी तरह घटनास्थल से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इसी दौरान गश्त कर रही बर्मामाइंस थाना पुलिस की नजर घायल चालक पर पड़ी। पुलिस ने तत्काल उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई।

ड्राइवर यूनियन ने सुरक्षा बढ़ाने की उठाई मांग

घटना के विरोध में मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ट्रक चालक और ड्राइवर यूनियन के सदस्य बर्मामाइंस थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने तथा ट्रक चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

बर्मामाइंस थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

More From Author

डीडी बार मर्डर केस में बड़ी कार्रवाई: घटनास्थल पर मौजूद एएसआई रतन दास, एएसआई राजेश रंजन और आरक्षी मनोज कुमार निलंबित