हूल दिवस पर झारखंड ने अमर शहीद सिद्धू-कान्हू को किया नमन, याद किया 1855 का ऐतिहासिक हूल विद्रोह

जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में सोमवार को हूल दिवस श्रद्धा, सम्मान और गौरव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत अमर शहीद सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव तथा वीरांगना फूलो-झानो के अद्वितीय बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राज्य के विभिन्न जिलों में उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। जमशेदपुर में भी सामाजिक, राजनीतिक और विभिन्न आदिवासी संगठनों ने शहीदों को नमन कर उनके संघर्ष को स्मरण किया।

30 जून 1855 को शुरू हुआ था ऐतिहासिक हूल विद्रोह

30 जून 1855 भारतीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन माना जाता है। इसी दिन संथाल परगना के भोगनाडीह गांव में सिद्धू-कान्हू के नेतृत्व में हजारों आदिवासियों ने अंग्रेजी शासन, महाजनों और सूदखोरों के शोषण के खिलाफ ऐतिहासिक हूल विद्रोह का बिगुल फूंका था।इस आंदोलन में चांद, भैरव और वीरांगना फूलो-झानो ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इतिहास के अनुसार, उस दिन लगभग 30 हजार आदिवासी एकत्र हुए और अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष का संकल्प लिया।

1857 से पहले की सबसे बड़ी जनक्रांति

इतिहासकारों के अनुसार, वर्ष 1855 का हूल विद्रोह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की पहली बड़ी जनक्रांति माना जाता है, जो 1857 के सिपाही विद्रोह से करीब दो वर्ष पहले हुई थी।इस संघर्ष में 10 हजार से अधिक आदिवासियों ने अंग्रेजों की गोलियों का सामना करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। तीर-धनुष जैसे पारंपरिक हथियारों से लैस आदिवासियों ने आधुनिक हथियारों से लैस अंग्रेजी सेना के सामने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया।

‘हूल’ का अर्थ है क्रांति या विद्रोह

संथाली भाषा में ‘हूल’ का अर्थ क्रांति या विद्रोह होता है। सिद्धू-कान्हू के नेतृत्व में शुरू हुआ यह उलगुलान केवल आदिवासी अधिकारों और अस्मिता की लड़ाई नहीं था, बल्कि इसने पूरे देश में स्वतंत्रता की चेतना जगाने का कार्य किया।आज भी हूल दिवस आदिवासी समाज के स्वाभिमान, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर राज्यभर में नई पीढ़ी को शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेने और उनके संघर्ष को याद रखने का संदेश दिया गया।

More From Author

जमशेदपुर में ट्रक चालक पर जानलेवा हमला, लूटपाट का प्रयास विफल; हथियारबंद बदमाश फरार

जमशेदपुर में चलती कार का एक्सल टूटा, डिवाइडर से टकराई गाड़ी; सभी सवार सुरक्षित