जमशेदपुर: रेल यात्रियों की बढ़ती परेशानियों और ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी को लेकर मंगलवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन में विरोध की आवाज तेज हो गई।रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह के नेतृत्व में समिति का एक शिष्टमंडल एआरएम कार्यालय पहुंचा और भारतीय रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने कहा कि यदि जल्द ही ट्रेनों की लेटलतीफी दूर नहीं की गई तो रेल यात्री संघर्ष समिति आंदोलन को और तेज करेगी। आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें यात्रियों को जोड़कर उनकी आवाज को और मजबूत किया जाएगा।साथ ही स्टेशन परिसर में जागरूकता अभियान चलाकर यात्रियों को इस समस्या से अवगत कराया जाएगा।
मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने पर उठे सवाल
ज्ञापन में कहा गया है कि जब रेलवे के पास मालगाड़ियों के संचालन के लिए पर्याप्त आधारभूत संरचना नहीं है, तो फिर बड़ी संख्या में मालगाड़ियों का संचालन कर यात्री ट्रेनों के संचालन में बाधा क्यों उत्पन्न की जा रही है।समिति ने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस कारण के यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रेल मंत्री के निर्देश का पालन नहीं
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हाल ही में जमशेदपुर के सांसद ने इस गंभीर समस्या से रेल मंत्री को अवगत कराया था, जिस पर सुधार के निर्देश भी दिए गए थे। इसके बावजूद चक्रधरपुर मंडल के अधिकारियों द्वारा निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है।समिति ने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर यात्री ट्रेनों को रोका जा रहा है, जबकि उनकी समय-सारणी निर्धारित होती है और मालगाड़ियों की नहीं।
ट्रेनों की देरी से बढ़ रहा आक्रोश
ज्ञापन में कहा गया कि अखबारों में प्रतिदिन ट्रेनों के 1 घंटे से लेकर 6 घंटे तक लेट होने की खबरें प्रकाशित हो रही हैं। इससे रेलवे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।समिति ने याद दिलाया कि 7 अप्रैल 2026 को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर हजारों यात्रियों की मौजूदगी में धरना-प्रदर्शन कर रेलवे प्रशासन को चेतावनी दी गई थी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जनआक्रोश और बढ़ेगा।इसके बावजूद अब तक हालात जस के तस बने हुए हैं और यात्रियों को घंटों ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे शामिल
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में अजय कुमार , सतीश सिंह, प्रदीप सिंह भोजपुरिया, मनोज ठाकुर, सन्नी परिहार, अमित मैती और सन्नी सिंह समेत कई सदस्य शामिल थे।
