पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के एसएसपी-एसपी हटाए गए, कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का बड़ा फैसला

झारखंड सरकार ने पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बड़ा प्रशासनिक फैसला किया है। सरकार ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक और सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है।

अपराध नियंत्रण में विफलता के आरोप में हुई कार्रवाई

सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल रहने के आरोप के बाद यह कार्रवाई की गई है। हाल के दिनों में दोनों जिलों में हुई आपराधिक घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे।

चाईबासा आयुक्त और रांची एडीजी को दिए गए विशेष निर्देश

स्थिति को सामान्य बनाने के लिए सरकार ने चाईबासा के आयुक्त को क्षेत्र में लगातार कैंप करने और प्रतिदिन कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही रांची के एडीजी को पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जमशेदपुर प्रमंडल के डीआईजी करेंगे कानून-व्यवस्था की निगरानी

सरकार ने जमशेदपुर प्रमंडल के डीआईजी को जमशेदपुर में रहकर पूर्वी सिंहभूम और आसपास के क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था की सीधी निगरानी करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का कहना है कि अपराध नियंत्रण के लिए हर स्तर पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।

सरकार का संदेश- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही, जवाबदेही से बचने या ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

हिमांशु कुमार सिंह हत्याकांड: एसएसपी पहुंचे परिजनों के घर, पोस्टमार्टम की अपील ठुकराई; कार्रवाई की मांग पर अड़ा परिवार

जमशेदपुर में धारा 163 लागू, डबल डाउन बार कांड के बाद कई थाना क्षेत्रों में निषेधाज्ञा