दिल्ली : डीलिस्टिंग कानून बनाने की मांग को लेकर देशभर से आदिवासी समुदाय के लोग राजधानी दिल्ली पहुंचने लगे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक गीतों के साथ लोग लाल किला मैदान की ओर बढ़ रहे हैं।झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से पहुंचे आदिवासी समुदाय के लोग केंद्र सरकार से जल्द डीलिस्टिंग कानून लागू करने की मांग कर रहे हैं।
मांदर और नगाड़ों के साथ बुलंद हो रही आवाज
रैली में शामिल लोग कतारबद्ध तरीके से लाल किला मैदान पहुंच रहे हैं। मांदर, नगाड़ा और पारंपरिक गीतों के जरिए आदिवासी समुदाय अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठा रहा है। पूरे इलाके में पारंपरिक संस्कृति और जनआंदोलन का माहौल देखने को मिल रहा है।
शाम चार बजे होगी बड़ी रैली
आयोजकों के अनुसार शाम चार बजे होने वाली रैली में देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। रैली को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
भीषण गर्मी के बावजूद दिखा भारी उत्साह
तेज गर्मी के बावजूद महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। लोग पारंपरिक परिधानों में अपनी सांस्कृतिक पहचान के साथ रैली में शामिल हो रहे हैं और डीलिस्टिंग कानून की मांग को लेकर एकजुटता दिखा रहे हैं।
