टाटा मोटर्स के मुख्य गेट पर हंगामा: स्थानीय युवाओं के नियोजन को लेकर बंटी सिंह गुट का प्रदर्शन, जाम से कामकाज प्रभावित

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर स्थित देश की प्रतिष्ठित वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर बंटी सिंह गुट के समर्थकों ने कंपनी के मुख्य गेट को जाम कर दिया।

गेट जाम होने से शिफ्ट व्यवस्था प्रभावित

मुख्य गेट पर जाम लगने के कारण कंपनी की शिफ्ट व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। बी शिफ्ट के कर्मचारी कंपनी के अंदर नहीं जा सके, वहीं ए शिफ्ट के कर्मचारी ड्यूटी खत्म होने के बाद भी कंपनी से बाहर नहीं निकल पाए। इससे कुछ देर के लिए परिसर के बाहर और अंदर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

स्थिति बिगड़ती देख मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। हालांकि प्रदर्शनकारियों की संख्या और विरोध को देखते हुए पुलिस भी कार्रवाई को लेकर दुविधा में नजर आ रही है।

बंटी सिंह ने लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बंटी सिंह ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन और यूनियन के अधिकारियों की मिलीभगत से स्थानीय युवाओं को रोजगार से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां तक कि कर्मचारियों के पुत्रों को भी बहाली प्रक्रिया से दूर रखा जा रहा है।

मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

बंटी सिंह ने स्पष्ट कहा कि जब तक स्थानीय युवाओं को कंपनी में रोजगार नहीं दिया जाएगा, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

More From Author

रांची: बाबा साहेब की 135वीं जयंती पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि,डोरंडा में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

चाकुलिया: सिमदी में आस्था का कठिन इम्तिहान, भोक्ताओं ने जीभ और पीठ में कील घोंप कर की चड़क पूजा