जमशेदपुर में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद

जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद की हैं। इनमें से एक स्कूटी के पार्ट्स खोल दिए गए थे।

गश्ती के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को पकड़ा

जानकारी के अनुसार 6-7 मई 2026 की रात सिदगोड़ा थाना की गश्ती टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान करीब 2:30 बजे एआईडब्ल्यूसी स्कूल के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया।पुलिस वाहन को देखकर दोनों युवक बाइक घुमाकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

चोरी की बाइक के साथ पकड़े गए दो आरोपी

पकड़े गए युवकों ने पूछताछ में अपनी पहचान रंजीत दिवर और शेखर प्रमाणिक के रूप में बताई।जब पुलिस ने मोटरसाइकिल के कागजात मांगे तो दोनों कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है।

खंडहर क्वार्टर में छिपाकर रखी गई थीं चोरी की स्कूटी

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके दो अन्य साथी सिदगोड़ा बारीडीह हाई स्कूल के पास स्थित एक खाली खंडहर क्वार्टर में चोरी की स्कूटी छिपाकर रखे हुए हैं और उनके पार्ट्स खोलकर बेचने की तैयारी कर रहे हैं।इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी की और मौके से दो अन्य युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

एक स्कूटी के पार्ट्स भी खोले गए थे

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो चोरी की स्कूटी बरामद की। इनमें एक सुजुकी स्कूटी के कई पार्ट्स खोले जा चुके थे।पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी


पुलिस ने 4 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जो की रंजीत दिवर — ओल्ड पुरुलिया रोड, मानगो,शेखर प्रमाणिक — बाबूडीह लालभट्टा, सिदगोड़ा,संतोष भुईया उर्फ गोलू — भुईयाडीह कान्हू भट्टा और राज खान उर्फ आयुब अंसारी उर्फ फिरोज खान — बाबूडीह लालभट्टा, सिदगोड़ा के रहने वाले है।

बरामद वाहन

पुलिस ने आरोपियों के पास से हीरो स्प्लेंडर,होंडा एक्टिवा और सुजुकी स्कूटी को बरामद किया है।

More From Author

जमशेदपुर: खासमहल जगन्नाथ मंदिर में निर्माण को लेकर रेलवे का बुलडोजर पहुंचा, वीएचपी के विरोध के बाद कार्रवाई रुकी

जमशेदपुर: विश्व रेड क्रॉस दिवस पर मेगा शिविर, डीसी रवि रंजन ने किया उद्घाटन