जमशेदपुर : उलीडीह थाना पुलिस ने शंकोसाई रोड नंबर 5 स्थित टावर मैदान के पास छापेमारी कर एक युवक को अवैध हथियार के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। डीएसपी (पटमदा) वचन देव कुजूर ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस सफलता की जानकारी साझा की।
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
डीएसपी ने बताया कि शनिवार देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टावर मैदान के पास एक संदिग्ध युवक हथियार के साथ घूम रहा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर उलीडीह थाना प्रभारी मोहम्मद शारिक अली के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस ने मौके से संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युवक को हिरासत में लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी कमर से एक देसी कट्टा बरामद हुआ।
चतरा का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार युवक की पहचान अवधेश कुमार यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड के चतरा जिले का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने हथियार रखने के पीछे की चौंकाने वाली वजह बताई। अवधेश ने कबूल किया कि कुछ दिन पहले शराब पीने के दौरान उसका अपने दोस्तों के साथ विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि दोस्तों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी थी। इसी अपमान और पिटाई का बदला लेने के लिए वह देसी कट्टा लेकर उन्हें खोजने निकला था।
कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि अवधेश कुमार यादव का इससे पहले कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है। संभवतः आवेश में आकर उसने अपराध की दुनिया में कदम रखने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
उलीडीह थाना में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। रविवार को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
