धनबाद पुलिस की बड़ी कामयाबी: इंटरपोल की मदद से प्रिंस खान का गुर्गा ‘मेजर’ गिरफ्तार; शुभम यादव हत्याकांड का हुआ खुलासा

धनबाद : धनबाद में संगठित अपराध और रंगदारी के नेटवर्क को संचालित करने वाले कुख्यात अपराधी सैफी उर्फ ‘मेजर’ को कोलकाता एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रिंस खान के बेहद करीबी माने जाने वाले सैफी को इंटरपोल की मदद से दुबई से भारत लाया गया, जहां पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।

शुभम यादव की हत्या का मास्टरमाइंड था ‘मेजर’

एसटीएफ की शुरुआती पूछताछ में एक बड़ा खुलासा हुआ है। 17 अप्रैल को धनबाद के पूर्व मेयर संजीव सिंह के समर्थक शुभम यादव पर जो जानलेवा हमला हुआ था, उसकी साजिश प्रिंस खान के इशारे पर सैफी ने ही रची थी। जांच में सामने आया कि शुभम यादव ने प्रिंस खान और धनबाद सांसद के बीच कथित संबंधों की गोपनीय जानकारी झारखंड डीजीपी और धनबाद एसएसपी को गुप्त पत्रों के जरिए भेजी थी। इसी मुखबिरी से नाराज होकर प्रिंस खान ने सैफी को शुभम को रास्ते से हटाने का जिम्मा सौंपा था।

व्यापारियों के लिए खौफ का पर्याय था सैफी

सैफी केवल एक शूटर ही नहीं, बल्कि प्रिंस खान गैंग का वित्तीय प्रबंधक भी था। वह दुबई में बैठकर धनबाद के बड़े व्यापारियों, कोयला कारोबारियों और आउटसोर्सिंग कंपनियों को धमकाता था और उनसे रंगदारी वसूलता था। गैंग द्वारा वसूली गई रकम को ‘हवाला’ के जरिए विदेश भेजने और गैंग के गुर्गों तक पैसा पहुंचाने का पूरा जिम्मा सैफी के पास ही था।धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि सैफी पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी और उसकी गिरफ्तारी से गैंग की कमर टूट गई है।

प्रिंस खान ने बदला ठिकाना; अब धनबाद आएगी एसआईटी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रिंस खान ने अपना ठिकाना दुबई से बदलकर अब पाकिस्तान शिफ्ट कर लिया है। हालांकि, उसके सबसे खास मोहरे ‘मेजर’ की गिरफ्तारी से पुलिस के पास अब गैंग के भविष्य के प्लान और संपर्कों की पूरी कुंडली होगी।

अगली कार्रवाई

फिलहाल सैफी से कोलकाता एसटीएफ गहन पूछताछ कर रही है। कोलकाता पुलिस की तहकीकात पूरी होने के बाद, धनबाद पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर धनबाद आएगी, जहां उससे जिले में हुए अन्य कई शूटआउट और रंगदारी के मामलों में पूछताछ की जाएगी।

More From Author

सरायकेला: जेल में सजी अदालत और चिकित्सा शिविर; बंदियों को ”एसपीआरयूएचए” योजना के तहत निःशुल्क कानूनी सहायता की दी गई जानकारी

दोस्त से बदला लेने के लिए हथियार लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, पुलिस ने देसी कट्टा किया बरामद