
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रविवार को इनडोर स्टेडियम के प्रांगण में रोल बॉल खेल के लिए एक अत्याधुनिक कोर्ट का उद्घाटन किया गया। झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरूवा ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर इस रोल बॉल कोर्ट का विधिवत उद्घाटन किया।
पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी: मंत्री
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरूवा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि खेल के माध्यम से जिला, राज्य और देश का नाम रौशन किया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों को मन लगाकर खेलने और हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।मंत्री ने जोर देकर कहा कि आज के समय में पढ़ाई के साथ खेल भी बेहद जरूरी है, क्योंकि खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है।
कोर्ट निर्माण में रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम में जमशेदपुर से आए रोल बॉल से जुड़े मनोज कुमार यादव ने कोर्ट के निर्माण में योगदान देने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चाईबासा में रोल बॉल कोर्ट का निर्माण मंत्री दीपक बिरूवा और पूर्व उपायुक्त अनन्या मित्तल के अहम प्रयास और सहयोग से संभव हो पाया है।मनोज कुमार यादव ने रोल बॉल खेल के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह भारतीय खेल है, जिसे वर्ष 2003 में पुणे से शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि आज यह खेल पूरे विश्व में खेला जा रहा है और झारखंड के कई खिलाड़ियों ने नेशनल और इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में अपना जौहर दिखाया है। इस खेल के माध्यम से कई युवा विभिन्न विभागों में नौकरी भी प्राप्त कर चुके हैं।
गणमान्य व्यक्तियों ने रखे विचार
उद्घाटन समारोह में शहर के उद्योगपति सह समाजसेवी मुकुंद रुंगटा, ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष नितिन प्रकाश और रोल बाल एसोसिएशन की जिला अध्यक्ष शालिनी सराफ ने भी अपने विचार रखे और खेल के महत्व पर जोर दिया।इस दौरान रोल बॉल के खिलाड़ियों द्वारा खेल का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों को इस भारतीय खेल की बारीकियों से परिचित कराया। उद्घाटन समारोह में सुभाष बनर्जी, फादर युजिन एक्का, विकास दोदराजका, कुणाल सराफ, मुकेश मुखी समेत एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
