
जमशेदपुर:शहर के साकची और बिष्टुपुर सीमा पर बच्चों की लड़ाई के बाद दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प और बिष्टुपुर स्थित डीसी लाउंज सैलून में तोड़फोड़ की घटना ने शहर में भय का माहौल पैदा कर दिया है। इस घटना को लेकर भाजपा नेता हरजीत उर्फ चिंटू सिंह ने जमशेदपुर के जिला प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
छोटी बातें ले रही हैं बड़े हिंसक रूप
चिंटू सिंह ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि जमशेदपुर शहर में छोटी-छोटी बातों को लेकर बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।उन्होंने सोमवार को ट्यूशन पढ़ने वाले नाबालिग बच्चों के झगड़े के बाद उपद्रवियों द्वारा मचाए गए तांडव और उत्पाद का जिक्र किया, जिसके कारण डीसी लाउंज फैमिली सैलून ही नहीं, बल्कि पूरे शहर के लोग दहशत में हैं।
उपद्रवियों को प्रशासन पर भरोसा है, कार्रवाई नहीं होगी
चिंटू सिंह राजपूत ने प्रशासन की निष्क्रियता पर तंज कसते हुए कहा कि इन उपद्रवियों को अपने शहर के प्रशासन पर पूरा भरोसा रहता है, ये जानते हैं कि आगे कोई कार्रवाई नहीं होगी।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की इसी ढिलाई के कारण अपराधी बेलगाम हो गए हैं और शहर में उपद्रव करना उनके लिए आसान हो गया है।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जमशेदपुर शहर में प्रशासन मज़ाक बनकर रह गया है, इसलिए अपराधी बेलगाम हैं।”
कड़ी कार्रवाई की मांग
भाजपा नेता चिंटू सिंह ने जिला प्रशासन से पुरजोर आग्रह किया है कि ऐसे उपद्रवियों को चिन्हित कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें। कड़ी कार्रवाई हो ताकि जमशेदपुर शहर वासियों को प्रशासन पर विश्वास जगे।भविष्य में ऐसी घटना को अंजाम देने से पहले उपद्रवी सौ बार सोचें।उन्होंने कहा कि प्रशासन की त्वरित और कठोर कार्रवाई ही शहर में शांति और व्यवस्था सुनिश्चित कर सकती है।
