
जमशेदपुर।लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत आज नहाय-खाय के साथ हो गई है, लेकिन इसी बीच जमशेदपुर के नदी घाटों से एक गंभीर मामला सामने आया है। एक ओर जहाँ जिला प्रशासन स्वर्णरेखा और खरकई नदी घाटों को सजाने-संवारने और साफ-सफाई का काम जोर-शोर से कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ स्थानीय युवकों की टोली ने कई नदी घाटों पर कब्जा कर लिया है।
घाट छेक कर ₹1500 तक की हो रही वसूली
मिली जानकारी के अनुसार, ये युवक घाट के स्थानों को ‘छेक’ रहे हैं और छठ व्रतधारियों से इसके एवज में अवैध वसूली कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन स्थानों को कहीं ₹1000 तो कहीं ₹1500 तक में बेचा जा रहा है। स्थानीय युवकों की यह सक्रियता छठ पर्व की पवित्रता और प्रशासन के प्रयासों पर सवाल खड़े कर रही है।
सिटी एसपी ने किया घाटों का दौरा, दी चेतावनी
जैसे ही इस गंभीर मामले की जानकारी सिटी एसपी कुमार शिवाशीष को मिली, उन्होंने तत्काल संज्ञान लिया। सिटी एसपी ने हर थाना क्षेत्र के नदी घाटों का दौरा किया और अपने थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।सिटी एसपी ने कहा कि मीडिया से जानकारी मिली है कि कुछ युवकों द्वारा नदी घाट को छेक कर बेचा जा रहा है। मैंने सभी थाना प्रभारियों को इस तरह के युवकों पर नजर रख कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।”
पुलिस ने लोगों से की अपील
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने छठ व्रतधारियों और आम जनता से अपील की है कि “जिला प्रशासन सभी घाटों को साफ सफाई करने का काम कर रहा है। आप निर्भीक होकर नदी घाट पर जाएं और पूजा करें। किसी भी युवक द्वारा पैसा मांगे जाने पर तुरंत पुलिस को इन्फॉर्म करें, पुलिस उन युवकों पर सख्त कार्रवाई करेगी। आप नदी घाट आएं और भगवान भास्कर को अर्घ्य दें, जमशेदपुर पुलिस आपके साथ है।”
