
जमशेदपुर ।शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक मानगो गोलचक्कर के समीप शनिवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित चेचिस वाहन ने बाइक सवार दंपति को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में पति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी जीवन और मौत के बीच अस्पताल में जंग लड़ रही है।
100 मीटर तक घसीटता ले गया काल बना वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि चेचिस वाहन ने बाइक को टक्कर मारने के बाद रोका नहीं, बल्कि दंपति को करीब 100 मीटर की दूरी तक घसीटते हुए ले गया। सड़क पर मौजूद लोग इस मंजर को देख चीख पड़े। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल, लोगों में भारी आक्रोश
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का आरोप है कि घटना के वक्त मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी थी, इसके बावजूद इतनी तेज रफ्तार वाहन का शहर में प्रवेश करना और ऐसी घटना हो जाना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए और सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। दुर्घटना के बाद मानगो गोलचक्कर के पास काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात प्रभावित हुआ।
घायल महिला की स्थिति नाजुक, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पाकर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। खबर लिखे जाने तक मृतक और घायल महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस उनके पास मौजूद सामानों के आधार पर परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।घायल महिला को तत्काल अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उसकी हालत अत्यंत चिंताजनक बताई जा रही है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने चेचिस वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सुरक्षा पर खड़े हुए बड़े सवाल
दिनदहाड़े हुए इस हादसे ने जमशेदपुर की सड़क सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। व्यस्त समय में भारी वाहनों की रफ्तार और पुलिस की निष्क्रियता ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि ऐसे अनियंत्रित वाहनों पर लगाम कसी जाए और दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई हो।
