
जमशेदपुर। शारदीय नवरात्र की शुरुआत से ठीक एक दिन पहले पूरे देश की तरह जमशेदपुर में भी महालया का पर्व धूमधाम से मनाया गया। महालया के अवसर पर मां दुर्गा के आगमन की तैयारी में शहरभर का माहौल भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर जुगसलाई दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट की ओर से विशेष प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
महालया गीत से गूंज उठा जुगसलाई
सुबह तड़के ही जुगसलाई दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट परिसर से प्रभात फेरी की शुरुआत हुई। महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में एकत्र हुए और महालया गीतों के साथ पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान पूरा इलाका मां दुर्गा के भजन और स्तुति गीतों से गूंज उठा। लोगों ने मां दुर्गा के स्वागत में दीप जलाए और उनकी आराधना की।
शारदीय नवरात्र की शुरुआत सोमवार से
सोमवार से शारदीय नवरात्र का शुभारंभ होने जा रहा है। ऐसे में महालया को मां दुर्गा के पृथ्वी पर आगमन का सूचक माना जाता है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर मां से परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
सभी के कल्याण की की गई कामना
जुगसलाई दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट के ट्रस्टी शंभूनाथ बोस ने कहा कि महालया का दिन खास महत्व रखता है। यह पर्व सिर्फ देवी के आगमन का प्रतीक नहीं बल्कि बुराई पर अच्छाई की जीत और नई शुरुआत का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि प्रभात फेरी का उद्देश्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना और नवरात्र के लिए भक्तों में उत्साह बढ़ाना है।
भक्तिमय माहौल में डूबी रही पूरी बस्ती
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु हाथों में ध्वज, शंख और घंटी लेकर मां दुर्गा के जयकारे लगाते रहे। स्थानीय लोगों ने भी अपने घरों से बाहर निकलकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया और पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक और उत्सव जैसा माहौल बन गया।