
जमशेदपुर: नगर निकाय चुनाव 2026 के मद्देनजर जुगसलाई नगर परिषद में चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर है। अध्यक्ष पद की सशक्त प्रत्याशी नीलूफर हुसैन ने अपने खिलाफ हो रहे दुष्प्रचार को लेकर आज प्रेस बयान जारी किया। उन्होंने विरोधियों पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जनता के मिल रहे अपार समर्थन से प्रतिद्वंद्वी बौखला गए हैं और अब अनर्गल आरोपों के जरिए लोगों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं।
“बीजेपी-आरएसएस से जोड़ने की साजिश”
नीलूफर हुसैन ने कड़े शब्दों में कहा कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता से डरे हुए विरोधी उन पर भाजपा और आरएसएस के लिए कार्य करने का गलत इल्जाम लगा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया “मेरे प्रति लोगों के मन में जहर घोलने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जुगसलाई की जनता भली-भांति जानती है कि कौन उनके साथ खड़ा है और कौन केवल राजनीति कर रहा है। मुझ पर आरोप लगाने वालों को पहले अपना इतिहास देखना चाहिए।”
‘बाय चांस’ नहीं, ‘बाय चॉइस’ हूँ उम्मीदवार
विरोधियों के ‘डर’ का जिक्र करते हुए नीलूफर ने कहा कि उन्हें जुगसलाई की जनसमस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। उनकी पूरी ऊर्जा सिर्फ नीलूफर को रोकने में खर्च हो रही है। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा “मैं चुनाव में ‘बाय चांस’ नहीं आई हूँ, बल्कि जुगसलाई की जनता की ‘चॉइस’ पर चुनाव मैदान में उतरी हूँ।” विरोधियों को जनहित के मुद्दों पर बात करनी चाहिए, न कि निजी आक्षेप लगाने चाहिए।
“न डरी थी, न डरुंगी”
नीलूफर हुसैन ने अपने विरोधियों को दो-टूक संदेश देते हुए कहा कि ऐसी ओछी राजनीति से वे पीछे हटने वाली नहीं हैं। “नीलूफर न कल डरी थी, न आज डर रही है और न ही भविष्य में कभी डरेगी। मैं पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ूंगी और जनता के आशीर्वाद से जीत हासिल कर जुगसलाई के विकास के लिए काम करूंगी।”
विकास के मुद्दों पर केंद्रित प्रचार
नीलूफर हुसैन का कहना है कि उनका मुख्य फोकस जुगसलाई की जर्जर सड़कों, साफ-सफाई, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने पर है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सोच-समझकर फैसला लें।
