
जमशेदपुर: मानगो नगर निगम परिषद के वार्ड संख्या 16 में पार्षद पद की प्रत्याशी मनीषा ने चुनावी मैदान में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वे लगातार क्षेत्र का दौरा कर रही हैं और घर-घर जाकर मतदाताओं से आशीर्वाद मांग रही हैं। मनीषा का दावा है कि यदि वार्ड 16 की जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो वे क्षेत्र के विकास के लिए तैयार अपनी ‘ठोस रूपरेखा’ को धरातल पर उतारेंगी।
वार्ड 16 के लिए ‘मनीषा’ का विजन: मुख्य प्राथमिकताएं
जनसंपर्क अभियान के दौरान मनीषा ने जनता से वादा किया कि वे वार्ड संख्या 16 को बुनियादी सुविधाओं से पूर्ण रूप से सुसज्जित करेंगी। उनकी प्राथमिकताओं में निम्नलिखित बिंदु शामिल हैं जिसमे क्षेत्र में जर्जर सड़कों की मरम्मत और जल निकासी के लिए नालियों का सुदृढ़ीकरण।स्ट्रीट लाइट की उचित व्यवस्था और नियमित सफाई अभियान। हर घर तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति और वार्ड में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता। युवाओं के लिए खेल मैदान, महिलाओं के लिए सामुदायिक सुविधाएं और बुजुर्गों के लिए एक सुकून भरा व सुरक्षित वातावरण।
एक अनोखा मलाल: प्रत्याशी खुद को नहीं दे पाएंगी अपना वोट
इस चुनावी अभियान के बीच एक दिलचस्प और भावुक कर देने वाली बात सामने आई है। प्रत्याशी मनीषा ने बताया कि वे इस चुनाव में अपना वोट खुद को नहीं दे पाएंगी। मनीषा का नाम वार्ड संख्या 16 की मतदाता सूची के बजाय वार्ड संख्या 33 की वोटर लिस्ट में दर्ज है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया के नियमों के कारण वे वार्ड 16 से चुनाव तो लड़ रही हैं, लेकिन मतदान उन्हें अपने मूल वार्ड (वार्ड 33) में ही करना होगा। मनीषा ने साझा किया कि उन्हें इस बात का काफी मलाल है कि वे एक उम्मीदवार होने के बावजूद अपने लिए मतदान नहीं कर सकेंगी।
जनता का मिल रहा भारी समर्थन
हालांकि खुद का वोट न दे पाने का मलाल मनीषा के चेहरे पर दिखता है, लेकिन वार्ड 16 की जनता का समर्थन उनके उत्साह को कम नहीं होने दे रहा है। मतदाताओं का कहना है कि वे एक ऐसा प्रतिनिधि चाहते हैं जो उनकी छोटी-बड़ी समस्याओं को समझे और उसका समाधान करे।
