
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम सहित पूरे कोल्हान प्रमंडल में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आदर्श चुनाव आचार संहिता के अनुपालन में प्रशासन ने शराब की बिक्री को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। आज यानी शनिवार शाम 5 बजे से कोल्हान के आठ नगर निकाय क्षेत्रों में शराब की दुकानें पूरी तरह बंद हो जाएंगी।
62 घंटे की लंबी बंदी, सोमवार को मतदान
प्रशासनिक आदेश के अनुसार, यह बंदी शनिवार शाम 5 बजे से शुरू होकर पूरे 62 घंटे तक प्रभावी रहेगी। आगामी 23 फरवरी (सोमवार) को मतदान होना है। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। सोमवार को वोटिंग खत्म होने के बाद, मंगलवार सुबह 7 बजे से ये दुकानें दोबारा खुल सकेंगी।
जमशेदपुर में शराबबंदी का ‘अजीब’ गणित
दिलचस्प बात यह है कि जमशेदपुर की भौगोलिक और तकनीकी स्थिति के कारण इस शराबबंदी का कोई बड़ा असर देखने को नहीं मिलेगा।पूर्वी सिंहभूम के तीन निकायों सहित कोल्हान के कुल 8 क्षेत्रों की लाइसेंसी दुकानें बंद रहेगी वहीँ जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र की शराब दुकानों पर बंदी का कोई आदेश नहीं है। मानगो और जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में दुकानें बंद रहेंगी, लेकिन इनसे बिल्कुल सटी हुई जमशेदपुर अक्षेस की दुकानें खुली रहेंगी।
पड़ोसी क्षेत्रों में शराब की उपलब्धता
तकनीकी वजहों से जमशेदपुर में शराब के शौकीनों को अधिक परेशानी नहीं होगी। मानगो या जुगसलाई के निवासी महज कुछ मीटर की दूरी तय कर जमशेदपुर अक्षेस के दायरे में आने वाली दुकानों से खरीदारी कर सकेंगे। जिले की अन्य ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों पर भी इस आदेश का कोई असर नहीं होगा।
प्रशासन की पैनी नजर
भले ही कुछ क्षेत्रों में दुकानें खुली हैं, लेकिन उत्पाद विभाग और पुलिस की टीमें अलर्ट पर हैं। चुनाव वाले क्षेत्रों में अवैध शराब की तस्करी या भंडारण को रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बॉर्डर इलाकों में चेकपोस्ट बनाकर वाहनों की तलाशी ली जा रही है।
